आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में सीबीआई की नई एसआईटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
कोलकाता, 03 अगस्त (हि.स.)। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक के दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने आपातकालीन विभाग की इमारत का दौरा कर घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया।
सीबीआई के संयुक्त निदेशक अनुराग कुमार के नेतृत्व में जांच दल सोमवार दोपहर अस्पताल पहुंचा। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने आपस में मामले की प्रगति को लेकर चर्चा भी की। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सप्तर्षि चट्टोपाध्याय ने बताया कि सीबीआई की पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम ने आपातकालीन विभाग का निरीक्षण किया और घटनास्थल का परीक्षण करने के बाद आवश्यक समीक्षा की।
गौरतलब है कि, गत गुरुवार को सीबीआई ने सियालदह अदालत में मामले की जांच संबंधी स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इस दौरान एजेंसी ने अदालत को बताया था कि मामले की जांच अब नए जांच अधिकारी (आईओ) को सौंपी गई है। पहले इस मामले की जांच अधिकारी सीमा पाहुजा थीं, जिनकी जगह अब संदीपनी गर्ग को नियुक्त किया गया है। अदालत को यह भी बताया गया कि केस डायरी सहित करीब एक हजार पृष्ठों के दस्तावेजों की नई जांच टीम विस्तृत समीक्षा कर रही है। इसी आधार पर सीबीआई ने अदालत से अतिरिक्त समय भी मांगा था।
अदालत के निर्देश पर गठित नई जांच टीम का नेतृत्व संयुक्त निदेशक अनुराग कुमार कर रहे हैं। टीम में आरजी कर अस्पताल से जुड़े वित्तीय अनियमितता मामले के जांच अधिकारी मनीष उपाध्याय भी शामिल हैं।
इस बीच पीड़िता के परिजनों ने मांग की है कि घटना से पहले जिन लोगों की उनकी बेटी से मुलाकात हुई थी, उनसे दोबारा पूछताछ की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए। पीड़िता की मां ने यह मांग नई जांच अधिकारी संदीपनी गर्ग के समक्ष भी रखी। उन्होंने परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए जांच प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

