home page

कोलकाता मेट्रो में महिला के साथ छेड़छाड़, नशे में धुत व्यक्ति पर लगा आरोप

 | 

कोलकाता, 20 नवंबर (हि.स.)। कोलकाता मेट्रो की भीड़भाड़ वाली ट्रेन में एक महिला ने नशे में धुत व्यक्ति पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब 8.47 बजे कवि सुभाष की ओर जाने वाली मेट्रो ट्रेन में हुई। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए आरोपित व्यक्ति ने उसे अनुचित तरीके से छुआ।

इस मामले की शिकायत शेक्सपीयर सरणी थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार दोपहर बताया कि घटना के बाद ट्रेन में हंगामा मच गया, जिसका फायदा उठाकर आरोपित रवींद्र सदन स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही उतरकर फरार हो गया।

पुलिस आरोपित की पहचान करने और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए मेट्रो स्टेशनों और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अधिकारी ने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर