home page

झड़खाली में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या

 | 

झड़खाली, 5 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के झड़खाली के पार्वतीपुर इलाके में रविवार की रात में बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवकुमार गायेन (25) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर झड़खाली कोस्टल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि युवक की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के कारण युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे क्या कारण है और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रेम संबंध से जुड़े पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सोमवार सुबह तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी या हिरासत की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप