home page

हावड़ा में डकैती की साजिश नाकाम, बिहार के छह आरोपित गिरफ्तार

 | 
हावड़ा में डकैती की साजिश नाकाम, बिहार के छह आरोपित गिरफ्तार


हावड़ा, 06 अगस्त (हि. स.)। हावड़ा पुलिस के जासूसी विभाग ने डकैती की साजिश रच रहे बिहार के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 5 अगस्त को धुलागढ़ स्थित सांकराइल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर छह लोगों को पकड़ा गया।

पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रिंस कुमार, विशाल कुमार, किशन कुमार सिंह, चंदन कुमार, अंकित कुमार और लवकुश राय के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से बिहार के निवासी हैं, जबकि इनमें से कुछ वर्तमान में हावड़ा और कोलकाता में रह रहे थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो देशी आग्नेयास्त्र और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में किशन कुमार सिंह, विशाल कुमार और प्रिंस कुमार ने स्वीकार किया कि वे एक दिन पहले धुलागढ़ पहुंचे थे और हावड़ा या कोलकाता में डकैती की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित पहले बिहार के नालंदा और पटना में डकैती की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार के खिलाफ नालंदा जिले में हत्या का एक मामला भी दर्ज है।

इस मामले में सांकराइल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों का किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय