जबलपुरः सिहोरा में अवैध पानी पाउच फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 50 बोरी माल जब्त
जबलपुर, 09 मई (हि.स.)। सिहोरा नगर के सिविल कोर्ट के पीछे वार्ड क्रमांक-11 में अवैध रूप से संचालित पानी पाउच फैक्ट्री पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापामार कार्रवाई की। विभाग को सूचना मिली थी कि “मयंक त्रिपाठी मयंक वरवरेज” नाम से बिना जरूरी मानकों और साफ-सफाई के पानी के पाउच तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री की जांच की। निरीक्षण के दौरान परिसर में बड़ी मात्रा में पानी के पाउच बोरियों में भरे मिले। अधिकारियों ने करीब 50 बोरी पानी पाउच जब्त किए। जांच में पाया गया कि फैक्ट्री में साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और पानी की पैकिंग व भंडारण से जुड़े जरूरी मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए पानी पाउच को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं एक बोरी में रखे पानी पाउच का सैंपल जांच के लिए सुरक्षित किया गया। पानी पाउच बनाने में उपयोग की जा रही मशीन को भी सील कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां लंबे समय से अवैध रूप से पानी पाउच निर्माण का काम चल रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार की जा रही थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

