जबलपुरः पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 197 वारंट तामील, 10 शराब तस्कर गिरफ्तार
जबलपुर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक चलाए गए व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान में 197 वारंट तामील किए गए, साथ ही 10 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।
पुलिस की विशेष टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान 121 गैर-मियादी वारंट, 53 गिरफ्तारी वारंट और 23 जमानती वारंट सहित कुल 197 वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब, 77 पाव देशी शराब, 408 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 12 बोतल बीयर जब्त की।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि है और जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
अभियान के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

