सजग कोरबा- सतर्क कोरबा अभियान: गुंडों और निगरानी बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
कोरबा, 14 जुलाई (हि. स.)। पुलिस द्वारा संचालित सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत सोमवार देर रात गुंडों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित बदमाशों के घर पहुंचकर सघन सत्यापन और चेकिंग की तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।
अभियान के तहत उन व्यक्तियों का विशेष रूप से सत्यापन किया गया, जिनके जिला बदर किए जाने के लिए वर्ष 2024, 2025 और 2026 में जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजे जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों ने उनके वर्तमान निवास, गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित गुंडों और निगरानी बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि, यदि वे दोबारा किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल पाए गए या जिले की कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने उन्हें समाज में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने और अपराध से पूरी तरह दूर रहने की हिदायत भी दी।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

