मांझी में वार्ड पार्षद की चाकू मारकर हत्या
सारण, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मांझी नगर पंचायत अंतर्गत गोढ़ा गांव में बीती रात खुशियां मातम में बदल गईं। एक मांगलिक उत्सव के दौरान हुए आपसी विवाद में वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस हिंसक झड़प में मृतक के दो भाई, मुकेश ठाकुर और रितेश ठाकुर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक ठाकुर के पुत्र और वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर के घर पर गीत-संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया। दूसरे पक्ष ने धारदार चाकू से हमला कर तीनों भाइयों को लहूलुहान कर दिया। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें मांझी पीएचसी पहुँचाया जहाँ से गंभीर स्थिति देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान ही राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 कर रहे हैं। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफ एस एल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मांझी थाना कांड संख्या 220/26 दर्ज कर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

