दो साल से फरार पांच हजार का इनामी वाहन चोर गिरफ्तार
जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। मानसरोवर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित अम्बेडकर उर्फ मोडा अपनी पहचान छिपाकर जयपुर में ही परिवार के साथ रह रहा था। उसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों के थानों में वाहन चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के करीब 20 मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मानसरोवर थाने में 18 अप्रैल 2025 को मामला दर्ज किया गया था। परिवादी की रिपोर्ट के अनुसार भारत माता सर्किल, मानसरोवर से टाटा एस गाड़ी चोरी हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपित अमरचंद उर्फ अंकित को दस्तयाब कर चोरी की गई गाड़ी बरामद कर ली थी, जबकि मुख्य आरोपित अम्बेडकर उर्फ मोडा फरार हो गया था। इधर आरोपित की गिरफ्तारी पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश के लिए मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की। दीपावली के दौरान की गई तस्दीक में सामने आया कि आरोपित जयपुर में ही अपनी पहचान छिपाकर परिवार के साथ रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता से आरोपित अम्बेडकर उर्फ मोडा (29) निवासी जौरा जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) हाल मानसरोवर जयपुर को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर वाहन चोर है। उसके खिलाफ टोडाभीम, श्यामनगर, सिकंदरा, आंधी, शाहपुरा, चंदवाजी, थानागाजी, कानोता, सैथल, रूपवास और अजमेर सहित राजस्थान के विभिन्न थानों में कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें से अधिकांश मामलों में पुलिस पूर्व में आरोप पत्र पेश कर चुकी है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

