home page

ऑपरेशन चक्रव्यूह : तीन हजार रुपए का फरार इनामी तस्कर गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन चक्रव्यूह : तीन हजार रुपए का फरार इनामी तस्कर गिरफ्तार


जोधपुर, 03 अपै्रल (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त पश्चिम द्वारा अवैध मादक पदार्थो की तस्करी के विरूद्व चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत राजीव गांधी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट में वांछित तीन हजार रुपए के एक इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।

डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत ने बताया कि पीथावास निवासी रामनिवास सिंह विश्नोई पुत्र देवाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गत 17 फरवरी को थानाधिकारी गोविन्दलाल व्यास मय जाब्ता पुलिस थाना प्रतापनगर सदर हल्का में गश्त के लिए रवाना हुए।

तब हल्का गश्त के सीएसटी टीम ने सूचना दी कि तुलसी कालोनी में पूनाराम विश्नोई अपने घर में अवैध डोडा पोस्त व अफीम का दूध रखता है, जिस पर तुलसी कॉलोनी स्थित दाधिच किराणा स्टोर के पास पूनाराम के मकान पर पहुंच तलाशी ली गई तो पूनाराम के पास से 933 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा व 59 ग्राम अफीम का दूध मिला। इस पर पूनाराम को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।

मुल्जिम पूनाराम ने पूछताछ में उक्त अवैध मादक पदार्थ रामनिवास सिंह विश्नोई से खरीदना बताया। उक्त कार्रवाई पर एनडीपीएस एक्ट में केस पंजीबद्व कर अनुसंधान राजीव गांधी नगर के थानाधिकारी रविन्द्र पाल सिंह को सौंपा गया। उक्त प्रकरण में वांछित मुल्जिम रामनिवास सिंह विश्नोई करीब दो माह से फरार था जिसकी निरन्तर तलाश की जा रही थी।

तीन हजार का था इनाम घोषित :

रामनिवास सिंह विश्नोई पर तीन हजार रुपए का इनाम घोषित करवाया गया था। अभियुक्त जगह बदल बदल कर फरारी काट रखा था। आसूचना संकलन व तकनीकी साक्ष्यो के आधार पर राजीव गांधी नगर व डांगियावास थाना टीम की संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश