जाली नोट चलाने वाला 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपित गिरफ्तार
बांदा, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिल्ला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जाली भारतीय मुद्रा के संचरण के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बांदा के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार को थाना चिल्ला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को ग्राम नरी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में एसटीएफ प्रयागराज ने थाना चिल्ला क्षेत्र में जाली भारतीय मुद्रा का संचरण करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस मामले में थाना चिल्ला में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरोह का मुख्य आरोपी महोबा जनपद निवासी तुषार पुत्र सुभाष चन्द्र घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक बांदा द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार की जा रही तलाश और दबिश के बाद थाना चिल्ला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त तुषार पुत्र सुभाष चन्द्र निवासी ग्राम सुरहा, थाना कबरई, जनपद महोबा का रहने वाला है। उसका वर्तमान पता बजरंग चौक, थाना कोतवाली महोबा बताया गया है।
क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है और न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

