home page

उरई की ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़ा वांछित 50 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार

 | 
उरई की ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़ा वांछित 50 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार


कानपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने गोविंद नगर पुल के नीचे रेलवे लाइन किनारे चेकिंग के दौरान पुलिस ने डीआरआई और एटीएस के वांछित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद हुआ है। वह उरई में मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद से फरार चल रहा था।

अपर पुलिस उपायुक्त मध्य डॉ. अर्चना सिंह ने बुधवार को बताया कि 29 अक्टूबर को डीआरआई और एटीएस की संयुक्त टीम ने उरई के ऐरी रमपुरा गांव में गुलाबजल बनाने की आड़ में संचालित मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी। जांच में कानपुर के रिजवान अहमद का नाम सामने आया था। वह फैक्ट्री में कच्चे माल की सप्लाई और तैयार नशीले पदार्थ को देश के अलग-अलग शहरों में भेजने के नेटवर्क से जुड़ा था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब तीन बजे फजलगंज पुलिस और स्वाट टीम सेंट्रल जोन पुराने गोविंद नगर पुल के नीचे रेलवे लाइन किनारे चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में मिले रिजवान अहमद को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद वह मुंबई चला गया था और वहीं फरारी काट रहा था। पैसों की कमी होने पर पहले से मौजूद नशीले पदार्थ को बेचने के इरादे से गोविंदपुरी स्टेशन जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

जांच में मुंबई के धारावी निवासी खयामुद्दीन उर्फ खय्याम सैय्यद का नाम गिरोह के मुख्य सरगना के रूप में सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, उसके विदेशों में बैठे ड्रग तस्करों से संपर्क होने के साक्ष्य भी जांच एजेंसियों को मिले हैं। पूछताछ में कानपुर के अरबाज कट्टा, दानिस, शैलू उर्फ शालू बाबा और हसीन बाबू समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इन लोगों की मदद से उरई में कच्चा माल पहुंचाकर मेफेड्रोन तैयार कराने और उसकी सप्लाई कराने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, इससे पहले फजलगंज पुलिस ने इसी नेटवर्क से जुड़े नजमुद्दीन को 101 ग्राम मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार किया था। मुंबई में भी गिरोह के सदस्यों के पास से मेफेड्रोन बरामद हो चुका है। फिलहाल पुलिस सर्विलांस और स्वाट टीम की मदद से अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसियों के साथ सूचनाएं साझा कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप