home page

सीवान में कुख्यात अपराधी विशाल सिंह गिरफ्तार

 | 

सीवान, 08 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीवान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान लंबे समय से वांछित पेशेवर अपराधी एवं भू-माफिया विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 (मैरवा) के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी करते हुए मैरवा बाजार से आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपित विशाल सिंह है, जो मैरवा थाने के मोती छापर निवासी अनिल सिंह का पुत्र है।

पुलिस के अनुसार वह मैरवा थाना कांड संख्या 364/25 में वांछित था, जिसमें आईपीसी की कई गंभीर धाराएं और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपित का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज है, जिनमें चोरी, लूट व आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma