दस साल से फरार आरोपित मेहरौना बॉर्डर से गिरफ्तार
सीवान, 06 जुलाई (हि.स.)।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सोमवार को जिला आसूचना इकाई एवं जामोबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त हरिशचंद्र राम उर्फ संजय राम को उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती मेहरौना-गुठनी बॉर्डर से गिरफ्तार किया।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त हरिशचंद्र राम उर्फ संजय राम, पिता स्व. गौरीशंकर राम, निवासी जगतौली, थाना भोरे, जिला गोपालगंज, जामोबाजार थाना कांड संख्या 85/14, दिनांक 11 अगस्त 2014 में दर्ज आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के मामले में लंबे समय से फरार और वांछित था।
गुप्त सूचना के आधार पर जिला आसूचना इकाई और जामोबाजार थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध जामोबाजार थाना कांड संख्या 84/14 में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 399, 402, 414 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना कांड संख्या 195/14 में डकैती तथा विजयपुर थाना कांड संख्या 70/2008 में हत्या का मामला भी दर्ज है। अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
एसपी के अनुसार, इस कार्रवाई में जामोबाजार थानाध्यक्ष पु.अ.नि. धीरज कुमार, जामोबाजार थाना की पुलिस टीम एवं जिला आसूचना इकाई के अधिकारियों और कर्मियों की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

