मुठभेड़ में वांछित आरोपित के पैर में लगी गोली, घायल अस्पताल में भर्ती
जौनपुर,29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मडियाहूं थाना पुलिस की रविवार भोर के समय संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। कार्यवाही के दौरान पुलिस की गोली गलने से एक वांछित आरोपित घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी भाग निकला। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
क्षेत्राधिकारी मडियाहूं परमानंद कुशवाहा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी मड़ियाहूं के नेतृत्व में थाना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पाली बाजार क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ वांछित आरोपित अवैध असलहे के साथ केडवारी की ओर जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने केडवारी मोड़ पर घेराबंदी की।
सीओ ने बताया कि पुलिस टीम को देख संदिग्ध मोटर साइकिल सवार भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपित गोली लगने से घायल हो गया और गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। मौके से घायल हालत में पकड़ा गया आरोपित की पहचान वांछित शिवम राजभर उर्फ गोलू (21) के रूप में हुई। उसे घायल हालत में उपचार के लिए सीएचसी मड़ियाहूं भेजा गया है।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपित के पास से .315 बोर का देसी तमंचा कारतूस और बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपित पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

