हत्या के प्रयास में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
देवरिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया जनपद के थाना गौरीबाजार पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त को मंगलवार को गिरफ्तार किया ।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी 14 अप्रैल को बैतालपुर से बांकी फुलवरिया जाने वाले मार्ग के पास से की है। अभियुक्त सूरज पाण्डेय फुलवरिया का रहने वाला हैं। उसके खिलाफ थाना गौरीबाजार में बीएनएस, 7 सीएलए एक्ट और 30 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज है।
उल्लेखनीय है कि 24 जनवरी को वादी वीरेन्द्र यादव ने थाना गौरीबाजार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी रायफल से फायरिंग की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी।
इस मामले में पहले ही तीन अन्य नामजद अभियुक्त अभिषेक पाण्डेय, विनोद पाण्डेय एवं अशोक पाण्डेय—को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अशोक पाण्डेय को लाइसेंसी रायफल के साथ गिरफ्तार किया गया था।
वर्तमान में गिरफ्तार अभियुक्त सूरज पाण्डेय के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

