हत्या मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बक्सर, 16 जुलाई (हि.स.)। बक्सर पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, टिलक राय का हाता थाना कांड संख्या-187/2023 के फरार अभियुक्त ओमप्रकाश यादव को बक्सर पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य अभियुक्त रामअवतार यादव एवं उसके सहयोगियों द्वारा टिलक राय का हाता थाना क्षेत्र (सिमरी) में आपसी विवाद को लेकर मारपीट की गई थी। घटना के दौरान मारपीट में घायल व्यक्ति रायचंद यादव की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस कांड में पहले ही तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है, जबकि ओमप्रकाश यादव घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था।
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इटाढ़ी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई 2026 की रात्रि को ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ओमप्रकाश यादव (पिता– रामअवतार यादव), निवासी टिलक राय का हाता, थाना– टिलक राय का हाता, जिला– बक्सर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (इटाढ़ी), टिलक राय का हाता थाना की प्रभारी पूजा कुमारी, डीआईयू बक्सर तथा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

