वाड्रफनगर में अरविंद ज्वेलर्स में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपित गिरफ्तार
14.175 किलो चांदी के जेवर, चोरी में प्रयुक्त पिकअप और मोटरसाइकिल बरामद
बलरामपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर बाजार स्थित अरविंद ज्वेलर्स में शटर तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले में बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आज बुधवार को पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले हैं।
बलरामपुर जिले के एसपी वैभव बेंकर ने इसकी जानकारी आज वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पत्रकारवार्ता आयोजित करके दी। उन्होंने बताया कि, वाड्रफनगर निवासी अरविंद सोनी की बाजार में अरविंद ज्वेलर्स नाम से आभूषण की दुकान है। 16 अगस्त की रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद करने के बाद संचालक घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 6:45 बजे दुकान पहुंचने पर शटर का लॉक टूटा मिला।
दुकान के अंदर जांच करने पर चांदी के आभूषण समेत सोने के जेवर और अन्य सामान गायब मिले। चोरी गए सामान में चांदी की चूड़ियां, पायल, बच्चों के पैर के कड़े, भगवान की मूर्ति, फूल एवं हार, बाल चोटी, हाथ पंजा मिक्स जेवर, पायल, फैन्सी पायल, हाथ बेरा, ताबीज, कंगन, झुमका, बाली, कुंडल, टप, सिरजाना, चंद्रमा, झाली, क्लिप और अंगूठियां सहित अन्य आभूषण शामिल थे।
घटना की रिपोर्ट पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत धारा 305, 331(4), 317(2), 5 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान आरोपितों के थाना दिनारा, जिला रोहतास, बिहार क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर थाना बसंतपुर निरीक्षक जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी चलगली और साइबर सेल की संयुक्त टीम बिहार रवाना की गई।
पुलिस टीम ने बिहार के दिनारा क्षेत्र में आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सोनू कुमार, शंकर चौधरी, लीलू चौधरी, राजकुमार चौधरी, अंगद चौधरी, सुनील कुमार सोनी और नरेंद्र चौधरी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपितों ने बताया कि 15 अगस्त को सभी एक राय होकर वाड्रफनगर क्षेत्र में पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपित सोनू कुमार चौधरी के पिकअप वाहन क्रमांक बीआर 26 जीसी 3631 से वाड्रफनगर आने और एक मोटरसाइकिल से रेकी करने की बात सामने आई। 15 से 16 अगस्त तक क्षेत्र की रेकी करने के बाद आरोपितों ने 17 अगस्त की दरम्यानी रात अरविंद ज्वेलर्स के शटर को लोहे के सब्बल से तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और चांदी एवं गिलट के जेवर चोरी कर फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी किए गए जेवर को दिनारा निवासी सुनील कुमार सोनी को 60 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की बात तय हुई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सुनील कुमार सोनी के घर से चोरी की चांदी के जेवर गलाकर बनाई गई चांदी की सिल्लियां बरामद कीं।
पुलिस ने बरामद की 14.175 किलो चांदी
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 14.175 किलोग्राम चांदी बरामद की। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक BR 26 GC 3631, मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 15 केए 7977, सब्बल, मोबाइल फोन और 1000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि चोरी की संपत्ति को ठिकाने लगाने और उसके स्वरूप में बदलाव करने के मामले में प्रकरण में बीएनएस की धारा 317(2) और 5 को भी जोड़ा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

