home page

वृंदावन: दो नाबालिगों से सामूहिक दुष्कर्म के चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
वृंदावन: दो नाबालिगों से सामूहिक दुष्कर्म के चार आरोपित गिरफ्तार


मथुरा, 04 मई(हि.स.)। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत वृंदावन थाना पुलिस ने सोमवार को एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

घटना की शुरुआत 1 मई 2026 को हुई थी, जब एक पिता ने अपनी दो नाबालिग बेटियों के बिना बताए घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। जब पीड़िताएं बरामद हुईं, तो उनके बयानों के आधार पर मामले में सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं, जिसमें समीर, कृष्णा, शिवा और रूपेश के नाम सामने आए।

सोमवार की सुबह करीब 06ः50 बजे मुखबिर की सूचना पर वृंदावन पुलिस ने घेराबंदी कर चारों वांछित आरोपितों को कैलाश नगर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क से धर दबोचा।

एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए समीर (20) पुत्र अकबर, निवासी नया नगला, डैम्पियर नगर, कृष्णा उर्फ काले (19) पुत्र रामशरण मीना, निवासी नया नगला, डैम्पियर नगर, शिवा (18) पुत्र संजय, निवासी मयूर विहार, धौली प्याऊ, रूपेश (19) पुत्र जालिम, निवासी मारुति नगर, वृंदावन शातिर किस्म के हैं और उनके खिलाफ केस संख्या 263/2026 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस टीम ने इस संवेदनशील मामले में तत्परता दिखाते हुए घटना के मात्र 72 घंटे के भीतर आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार