बर्थडे पर निकले इवेंट मैनेजर की थार की टक्कर से मौत, आरोपित चालक गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार 34 वर्षीय इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर थार को ट्रेस कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को वसंत कुंज साउथ थाने में पीसीआर कॉल मिली कि एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी है, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पीसीआर द्वारा इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर, वसंत कुंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में मृतक की पहचान सार्थक मट्टू (34) के रूप में हुई। वह गुरुग्राम के रहने वाले थे। वह गुरुग्राम स्थित एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार को उनका बर्थ डे था। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल महिंद्रा थार को ट्रेस किया। जांच में पता चला कि वाहन बेंगलुरु की एक निजी कंपनी के नाम पर पंजीकृत है और उसे कंपनी के कर्मचारी बिहार निवासी सागर साहा (29) को लीज पर दिया गया था। सागर साहा बेंगलुरु में तैनात है। पूछताछ में सागर साहा ने बताया कि हादसे के समय थार उसका दोस्त अपूर्व सिंह (30) चला रहा था। अपूर्व एक निजी कंपनी में कार्यरत है और वर्तमान में गुरुग्राम में रह रहा है। हादसे के समय सागर साहा आगे की सीट पर बैठा हुआ था। पुलिस ने आरोपित चालक अपूर्व सिंह को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण सफदरजंग अस्पताल में कराया। दुर्घटनाग्रस्त थार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

