विवेक विहार में दो गुटों में विवाद, युवक ने हवा में चलाई गोली
नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में शुक्रवार रात दो गुटों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर हवा में गोली चला दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कस्तूरबा अंडरपास के पास से कुछ साक्ष्य बरामद किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 11 बजे कस्तूरबा अंडरपास के पास फायरिंग की सूचना पर पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कुछ साक्ष्य बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर धनंजय प्रथम नामक युवक ने कथित तौर पर हवा में गोली चला दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान आरोपित की पहचान कर ली गई और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस घटना के अलावा जिले में फायरिंग की किसी अन्य घटना या इस मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। मामले की जांच जारी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

