अवैध तमंचे के साथ वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बांदा, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ वीडियो वायरल करने वाले एक अभियुक्त को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
महोखर निवासी विपिन का वीडियो अवैध तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित विपिन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर उसके अर्धनिर्मित मकान से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया।
देहात कोतवाल चंद्र प्रकाश तिवारी
ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित विपिन वर्ष 2023 में अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने ही पिता की हत्या के मामले में भी शामिल रहा है। उस समय उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था। फिलहाल आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

