वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन, तीन वर्षीय बच्ची से मारपीट के आरोप में पिता गिरफ्तार
सुपौल, 30 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी मां के साथ संरक्षण में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक मासूम बच्ची के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन, राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, त्रिवेणीगंज अंचलाधिकारी तथा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के बाद टीम संबंधित स्थान पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद बच्ची और उसकी मां को थाने लाया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना में कांड संख्या 192/26 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा-75 समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि बच्चे रो रहे थे, इसलिए वह उन्हें डांट रहे थे। हालांकि वायरल वीडियो को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
फिलहाल बच्ची और उसकी मां को सुरक्षा, देखभाल एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संरक्षण गृह भेज दिया गया है। प्रशासन ने कहा है कि मामले की आगे भी जांच जारी रहेगी और बच्ची के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

