home page

जबलपुर: वायरल वीडियो से चिकन सेंटर पर उठे सवाल, पुलिस पहुंची दुकान सील करने

 | 
जबलपुर: वायरल वीडियो से चिकन सेंटर पर उठे सवाल, पुलिस पहुंची दुकान सील करने


जबलपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। अधारताल तिराहा स्थित गोल्डन ब्रायलर चिकन सेंटर को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है। वायरल वीडियो में एक ट्रक से मुर्गों को उतारते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो के आधार पर कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रक से मृत मुर्गों को लाकर चिकन सेंटर पर बिक्री के लिए उतारा जा रहा था। हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद शुक्रवार रात पुलिस दुकान सील करने पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि संबंधित चिकन सेंटर अधारताल थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और मांस की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर शुक्रवार को हिंदू धर्म सेना के मुकेश रजक ने विरोध दर्ज कराते हुए संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोप गंभीर हैं और इसकी वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आनी चाहिए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर यह निश्चित रूप से कहना संभव नहीं है कि उसमें दिखाई दे रहे मुर्गे मृत अवस्था में बिक्री के लिए लाए गए थे। मुर्गों की वास्तविक स्थिति, उनके परिवहन का उद्देश्य और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इन सभी बिंदुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है।

मामला आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ा होने के कारण संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच की मांग की जा रही है। विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर चिकन सेंटर में उपलब्ध मांस की गुणवत्ता, उसके स्रोत और भंडारण व्यवस्था की जांच की जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

फिलहाल वायरल वीडियो और उसके आधार पर और हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद मौके पर अधारताल पुलिस पहुंची एवं दुकान सील करने की प्रक्रिया जारी कर दी है। लगाए जा रहे आरोपों ने बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक