home page

वीआईपी मूवमेंट के दौरान सीकर रोड पर भीषण हादसा, स्लीपर बस ने चार कारों को मारी टक्कर

 | 
वीआईपी मूवमेंट के दौरान सीकर रोड पर भीषण हादसा, स्लीपर बस ने चार कारों को मारी टक्कर


जयपुर, 23 मई (हि.स.)। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में सीकर रोड पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सनसिटी के पास वीआईपी मूवमेंट के चलते रोके गए वाहनों में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसे में चार कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि उनमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब सवा छह बजे सीकर रोड स्थित सनसिटी के पास मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के गुजरने के कारण यातायात रोका गया था। इसी दौरान जयपुर से सीकर की ओर जा रही एक निजी स्लीपर बस के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पर खड़ी गाड़ियों में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे खड़ी चार से पांच कारें आपस में भिड़कर बुरी तरह पिचक गईं। हादसे के दौरान एक कार उछलकर डिवाइडर पर चढ़ गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जबकि हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

कारों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे छह घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मामले में बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश