home page

ग्वालियर में 9 हजार रुपये के विवाद में खूनी संघर्ष, बुजुर्ग को दो गोलियां लगीं, तीन घायल

 | 
ग्वालियर में 9 हजार रुपये के विवाद में खूनी संघर्ष, बुजुर्ग को दो गोलियां लगीं, तीन घायल


ग्वालियर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बिजौली थाना क्षेत्र के खेरियामोदी गांव में महज 9 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना में एक बुजुर्ग को दो गोलियां लगीं, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों का इलाज जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, खेरियामोदी निवासी साहब सिंह बघेल ने करीब एक वर्ष पहले गांव के ही दीपक पाल को 9 हजार रुपए ऑनलाइन उधार दिए थे। आरोप है कि लंबे समय से रकम वापस नहीं मिलने पर गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसने रात तक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे दीपक पाल, शिवराज, गौरव, सोनू और उनके अन्य साथी लाठी-डंडे तथा अवैध कट्टे लेकर राजेश पाल के घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर राजेश पाल तथा उसकी बुजुर्ग मां की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राजेश के वृद्ध पिता मोहर सिंह पर कथित तौर पर कट्टे से फायरिंग कर दी गई। मोहर सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट और फायरिंग के आरोप

दूसरे पक्ष के दीपक पाल ने भी पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मोहर सिंह बघेल, राजेश पाल, साहब सिंह, आनंद और राहुल ने उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया और फायरिंग भी की। इस हमले में दीपक पाल समेत दो-तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जेएएच में चल रहा है।

फायरिंग से गांव में दहशत, आरोपी फरार

घटना के दौरान हुई फायरिंग और मारपीट से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 और बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस बोली-दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

बिजौली थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि खेरियामोदी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। एक बुजुर्ग को गोली लगी है, जबकि दो अन्य लोग लाठी-डंडों की चोट से घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे