ब्राउन शुगर खरीदने आए तीन युवक पकड़े गए
सिलीगुड़ी, 14 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी के नजदीक फुलबाड़ी इलाके में गुरुवार को ब्राउन शुगर खरीदने आए तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना फुलबाड़ी दो नंबर ग्राम पंचायत के कालांगिनी क्षेत्र की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीन युवक तीन टोटो लेकर कालांगिनी पहुंचे थे। उनके संदिग्ध व्यवहार को देखकर इलाके की कुछ महिलाओं ने पहले उन्हें रोका और पूछताछ शुरू की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवकों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर खरीदने आए थे। हालांकि, जिससे उन्हें मादक पदार्थ लेना था, उसका मोबाइल फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद एनजेपी थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

