home page

झाबुआ : शिव सागर तालाब में डूबने से व्यक्ति की मौत

 | 
झाबुआ : शिव सागर तालाब में डूबने से व्यक्ति की मौत


झाबुआ, 07 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमलपाड़ा निवासी एक व्यक्ति की गुरूवार को शिव सागर तालाब में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेरू पुत्र भूरा भूरिया (50 ) गुरुवार सुबह शिव सागर तालाब में नहाने के लिए गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। बताया गया है कि तालाब पर मौजूद एक महिला ने पेरू को पानी में डूबते हुए देखा था। महिला ने वहां मछलियां पकड़ रहे मछुआरों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मछुआरों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसी दौरान परिजन भी तालाब किनारे पहुंचे, जहां उन्हें पेरू के कपड़े और चप्पल मिले। इसके बाद दुर्घटना की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई।

थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल थांदला भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा