ग्राम विकास अधिकारी 25 हजार लेते गिरफ्तार
जयपुर, 07 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल यूनिट कोटा ने कार्रवाई करते हुए बूंदी जिले की केशवरायपाटन पंचायत समिति के ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 5 मई 2026 को शिकायत दी थी कि वह ग्राम पंचायत सखावदा में स्वच्छ भारत अभियान के तहत कचरा संग्रहण, नाली सफाई और सामुदायिक परिसरों की सफाई का कार्य करता है। उसने दो माह के कार्यों के बिल ग्राम विकास अधिकारी को दिए थे, लेकिन 1.50 लाख रुपए से अधिक की बिल राशि पास करने, सिक्योरिटी राशि लौटाने तथा अन्य टेंडर कार्यों में बाधा नहीं डालने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत का 6 मई को गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के नेतृत्व में एसीबी टीम ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की।
पुलिस निरीक्षक पृथ्वीराज मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपित ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत को केशवरायपाटन पंचायत समिति कार्यालय में परिवादी से 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

