home page

मेडिकल दुकान की एनओसी के बदले 8.50 लाख की रिश्वत लेते ग्राम विकास अधिकारी गिरफ्तार

 | 
मेडिकल दुकान की एनओसी के बदले 8.50 लाख की रिश्वत लेते ग्राम विकास अधिकारी गिरफ्तार


जयपुर, 25 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए झुंझुनूं जिले की ग्राम पंचायत बेरला पंचायत समिति सूरजगढ़ के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) राजकुमार को 8 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी परिवादी के आवासीय भूखंड को व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित करने और एनओसी जारी करने की एवज में यह रकम मांग रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी झुंझुनूं को शिकायत मिली थी कि परिवादी गांव बेरला स्थित अपने आवासीय भूखंड में मेडिकल दुकान संचालित करता है। उसने उक्त भूखंड को व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित कराने के लिए ग्राम पंचायत बेरला में आवेदन किया था। शिकायत के अनुसार ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार ने भूखंड को व्यवसायिक में परिवर्तित करने तथा एनओसी जारी करने की एवज में 19 मई 2026 को 8.50 लाख रुपए रिश्वत की मांग की। 21 मई को एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में झुंझुनूं इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार पूनियां के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी ने परिवादी को सूरजगढ़ स्थित दीपक मेडिकोज पर बुलाया, जहां रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। एसीबी टीम ने आरोपी के हाथ से 8.50 लाख रुपए की रिश्वत बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश