विजय बाजिया हत्याकांड :गिरफ्तार आरोपितों के रिश्तेदारों के ठिकानों पर पुलिस ने मारी दबिश
जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों और उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर जयपुर ग्रामीण जिला पुलिस ने गुरुवार रात दबिश दी। इस दौरान तीन संदिग्ध ट्रैक्टर, एक डीआई जीप और एक कार जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात सात साल पहले हुई पिता की हत्या की रंजिश में अंजाम दी गई थी।
गौरतलब है कि तिबारिया (जयपुर ग्रामीण) निवासी विजय बाजिया की 11 नवंबर 2026 को करधनी थाना क्षेत्र में रावण गेट के पास कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। जयपुर पश्चिम पुलिस ने मामले में अनीश गोलिया, कमलेश गोलिया, युवराज चौधरी और दिनेश निठारवाल को गिरफ्तार किया है।
जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि जयपुर ग्रामीण एसपी नीरज पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने आरोपितों और उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी। मुख्य आरोपित अनीश गोलिया के घर से एक ट्रैक्टर और एक डीआई जीप जब्त की गई। ये दोनों वाहन भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत जब्त किए गए। वहीं, अनीश के चचेरे भाई कमलेश के घर से दो ट्रैक्टर और एक कार मिली, जिन्हें भी जब्त किया गया। पुलिस ने दिनेश निठारवाल और युवराज चौधरी के घर भी दबिश दी। वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की जयपुर पश्चिम पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस जांच के अनुसार विजय बाजिया और उसके भाई बजरंग ने वर्ष 2019 में कैलाश गोलिया की हत्या की थी। कैलाश, मुख्य आरोपित अनीश गोलिया के पिता थे। पिता की हत्या के बाद से अनीश और उसके परिवार में विजय के प्रति रंजिश थी। विजय और अनीश के परिवारों के खेत आसपास होने के कारण अक्सर आमना-सामना होता था। आरोप है कि विजय खेतों में आने-जाने के दौरान अनीश और उसके परिजनों को कैलाश की हत्या का जिक्र कर ताने देता था।
जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इस संबंध में जोबनेर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया, लेकिन आपसी रंजिश बनी रही।
पुलिस के अनुसार 11 नवंबर को अनीश और उसका चचेरा भाई कमलेश तिबारिया गांव में ग्वार बेचने जा रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात विजय से हुई। आरोप है कि विजय ने फिर से अनीश को उसके पिता की हत्या का जिक्र कर धमकी दी। इससे नाराज होकर अनीश और कमलेश ने अपने साथियों युवराज चौधरी और दिनेश निठारवाल को बुलाया। इसके बाद चारों ने विजय की हत्या की साजिश रची।
आरोपितों ने वारदात के लिए नई कुल्हाड़ियां खरीदीं। इसके लिए 750 रुपये में कुल्हाड़ियां खरीदी गईं और 150 रुपये में उनके हत्थे लगवाए गए। आरोपितों ने सोशल मीडिया पर विजय की रील और तस्वीरें देखकर उसकी गाड़ी की पहचान की तथा गाड़ी के नंबर जुटाए। इसके बाद जोबनेर से जयपुर तक उसका पीछा किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने 11 नवंबर की रात करीब आठ बजे करधनी थाना क्षेत्र में रावण गेट के पास विजय की गाड़ी रुकवाकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि विजय बाजिया तिबारिया, बस्सी नागान का रहने वाला था। जयपुर के हाथोज स्थित रॉयल सिटी में जेपी प्रॉपर्टीज के नाम से उसका कार्यालय था और वह प्रॉपर्टी का कारोबार करता था। वह हाथोज में एक फ्लैट में नांगल लाठी निवासी सीताराम नायक के साथ रहता था। जांच में यह भी सामने आया कि प्रॉपर्टी विवादों में विजय कई लोगों को पुराने हत्या के मामलों का जिक्र कर डराता था। पुलिस वारदात में अन्य संभावित आरोपितों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

