home page

कोरबा : 90 से अधिक निगरानी बदमाशों की पुलिस लाइन में परेड, अपराध छोड़ने की चेतावनी

 | 
कोरबा : 90 से अधिक निगरानी बदमाशों की पुलिस लाइन में परेड, अपराध छोड़ने की चेतावनी


कोरबा, 6 मई (हि. स.)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आज बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में जिलेभर के 90 से अधिक निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की विशेष परेड आयोजित की गई।

परेड के दौरान सभी बदमाशों की उपस्थिति दर्ज कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने सभी निगरानी और गुंडा बदमाशों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बदमाशों को अपराध से दूर रहकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जीने की समझाइश भी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और थाना-चौकी स्तर पर उनकी गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है।

कोरबा पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपराध की दुनिया छोड़कर सामान्य सामाजिक जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित करना भी है। पुलिस का मानना है कि सतत निगरानी और योजनाबद्ध कार्रवाई से जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कोरबा पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी