home page

आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के भाई के ठिकानों पर मारा छापा

 | 

-विजिलेंस को करीब 28 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद

लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बहराइच के पयागपुर से पूर्व विधायक व एनआरएचएम घाेटाले के मुख्य आराेपित मुकेश श्रीवास्तव के भाई अजय श्रीवास्तव के लखनऊ-गोण्डा के तीन ठिकानों पर छापेमारी की है। विजिलेंस को करीब 28 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले है। अजय एनआरएचएम घाेटाले के आराेपित तत्कालीन सीएमओ के कार्यालय लिपिक थे। उनके खिलाफ अयाेध्या में मुकदमा दर्ज हुआ था।

विजिलेंस टीम के मुताबिक, गणेशपुर-रहमानपुर स्थित छह मंजिला मिलेनिया रिजेंसी होटल में 108 कमरे है। होटल के निर्माण की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये की है। वहीं, होटल के कमरों की साज सज्जा व अन्य विलासिता की वस्तुओं में लगभग पांच करोड़ रुपये व्यय करना पाया गया। पटेल नगर स्थित तीन मंजिला आवास पर आरोपित व उसके भाई की पत्नियों के नाम में भी साज सज्जा व अन्य समानों में लगभग 70 लाख रुपये का धन व्यय पाया गया। आवास निर्माण की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये है और 50 लाख के अन्य निवेश संबंधी दस्तावेज मिले हैं।

इंदिरानगर में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत भी आरोपित की पत्नी और भाई की पत्नी के नाम पर पायी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये है। इसके अलावा टीम को आरोपित के परिवार के नाम पर संचालित विभिन्न कंपनियों के संबंध में जानकारियां हासिल हुई है, जिसके संबंध में कार्रवाई जारी है। आरोपित के गोण्डा स्थित घर पर किसी के न होने के कारण घर को सील किया गया है। इसकी कीमत एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इस प्रकार आरोपित की कुल अनुमानित संपत्ति लगभग 28 करोड़ रुपये आंकी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक