72 हजार रुपए के साथ आवास सहायक को निगरानी विभाग ने किया गिरफ्तार
सहरसा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सौर बाजार नगर पंचायत में निगरानी विभाग द्वारा की गई कारवाई में आवास सहायक को 72 हजार रुपए घूस की रकम लेते हुए रंगेहाथ दबोच लिया। इस कांड को दर्ज कर जेल भेजने की कारवाई की जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम द्वारा छापेमारी की गई।उन्होने बताया कि सौर बाजार नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो के पार्षद हरेकृष्ण कुमार साह ने 30 सितंबर को निगरानी विभाग में परिवाद दायर कर आवास सहायक द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को द्वितीय किस्त जारी करने के एवज में आठ हजार प्रति आवेदक सें घूस की मांग का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
निगरानी विभाग द्वारा 10 अक्टूबर को मामले का सत्यापन कराये जाने पर मामला सही पाया गया।तत्पश्चात आज मंगलवार को निगरानी विभाग द्वारा छापामारी की गई।साथ ही नौ लाभुकों के बदले 72 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।जिसे अग्रेतर कारवाई को लेकर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
वार्ड पार्षद हरे कृष्ण कुमार ने बताया कि आवास सहायक द्वारा प्रति लाभुक ₹8000 कमीशन देने की का दबाव बनाया जा रहा था। लेकिन मैं किसी प्रकार का घूस देने के लिए तैयार नहीं था।इसलिए मैंने पटना जाकर विभाग को शिकायत की।तत्पश्चात निगरानी विभाग द्वारा मामले को सत्य पाकर छापेमारी की कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

