जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई
जबलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने मध्य प्रदेश के बालाघाट में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू की टीम ने गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके आवासों पर एक साथ दबिश दी।
शुरुआती जांच में अधिकारी के पास आय से करीब 400 प्रतिशत से अधिक अनुपातहीन संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। अब तक सामने आई संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 11 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। टीमों ने छिंदवाड़ा की खान कॉलोनी स्थित आवास, बालाघाट स्थित आवास और भोपाल के सरकारी क्वार्टर को जांच के दायरे में लिया। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी के दौरान विभिन्न संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस की तलाशी भी जारी है।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कमल किशोर सिंगारे की ज्ञात आय की तुलना में उनकी संपत्ति करीब 400 प्रतिशत से अधिक पाई गई है। हालांकि, संपत्ति का अंतिम मूल्यांकन और अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
कार्रवाई में डीएसपी धामी, इंस्पेक्टर प्रेरणा पांडे सहित करीब 15 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। टीम दस्तावेजों और संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
छिंदवाड़ा में मिली करोड़ों की संपत्ति
ईओडब्ल्यू की अब तक की कार्रवाई में छिंदवाड़ा स्थित संपत्तियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। इनमें
भूमि एवं मकान की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये
7.50 लाख रुपये, नकद
घरेलू सामान की इन्वेंट्री करीब 1 करोड़ रुपये,
350 ग्राम सोने के आभूषण, अनुमानित कीमत 52 लाख रुपये,
चांदी के आभूषण करीब 1.20 लाख रुपये,
महिंद्रा XUV 700, करीब 22 लाख रुपये,
नई महिंद्रा स्कॉर्पियो, करीब 27 लाख रुपये,
तीन मोटरसाइकिल, करीब 4 लाख रुपये,
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये।
आरोपी और परिजनों के नाम से विभिन्न बैंक शाखाओं में 12 बैंक खाते
फार्म हाउस में भी करोड़ों का निवेश,
छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस की जांच के दौरान भूमि और निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान सामने आया है। इसके अलावा
महिंद्रा ट्रैक्टर 8 लाख रुपये,
ट्रॉली 1.50 लाख रुपये,
अन्य कृषि उपकरण 5 लाख रुपये
की जानकारी सामने आई है। फार्म हाउस की तलाशी और दस्तावेजों की जांच अभी जारी है।
बालाघाट और भोपाल में भी संपत्ति का खुलासा हुआ,
बालाघाट स्थित शासकीय आवास से तलाशी के दौरान करीब 2.50 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है।
वहीं भोपाल स्थित आवास से भूमि एवं मकान की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा घरेलू सामान की इन्वेंट्री करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। बताया जा रहा है कि भोपाल स्थित मकान किराए पर दिया हुआ है।
ईओडब्ल्यू की जांच अभी जारी है। दस्तावेजों और संपत्तियों के मूल्यांकन के बाद अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम आंकड़ा सामने आने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

