जबलपुर : पनागर नगर परिषद के उपयंत्री और सहायक 40 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
जबलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका परिषद पनागर के उपयंत्री शुभम जैन और उसके सहायक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अभिलाष रजक को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता राजेन्द्र सतनामी नगर पालिका परिषद पनागर में ठेकेदारी का कार्य करता है। वर्ष 2024-25 में उसे स्वास्थ्य शाखा के लिए कीटनाशक सामग्री की आपूर्ति का करीब 9.75 लाख रुपये का ठेका मिला था। सामग्री की आपूर्ति के बाद उसे पहली किस्त के रूप में 90 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त के रूप में 64,066 रुपये का भुगतान हो चुका था।
शिकायत के अनुसार शेष भुगतान और कार्यालय में जमा 48 हजार रुपये की फिक्स डिपॉजिट राशि वापस करने के एवज में आरोपी कमीशन के नाम पर 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसकी शिकायत राजेन्द्र सतनामी ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त अंजू पटले से की।
लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी 40 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गए। इसके बाद मंगलवार को लोकायुक्त की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए उपयंत्री शुभम जैन को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। जांच में उसके सहायक अभिलाष रजक की भी रिश्वत लेने की प्रक्रिया में संलिप्तता सामने आई।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(बी), 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

