home page

उमरिया में पुलिसकर्मी से मारपीट, युवकों ने फाड़ी वर्दी, वीडियो वायरल

 | 
उमरिया में पुलिसकर्मी से मारपीट, युवकों ने फाड़ी वर्दी, वीडियो वायरल


उमरिया, 01 मार्च (हि.स.)। मप्र के उमरिया जिला मुख्यालय में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। शहर के प्रमुख स्थान रणविजय चौक के पास ड्यूटी से लौट रहे एक आरक्षक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने न सिर्फ आरक्षक के साथ मारपीट की बल्कि उनकी वर्दी भी फाड़ दी। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरक्षक मुकेश सिंह रात में ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रणविजय चौक के पास उन्होंने देखा कि एक युवक किसी मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहा है। बताया जा रहा है कि मानवता के नाते आरक्षक ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने और पीड़ित व्यक्ति को बचाने की कोशिश की। लेकिन स्थिति को संभालने की कोशिश करना ही आरक्षक के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि वहां मौजूद विमल लाड़िया नामक युवक ने आरक्षक से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने आरक्षक पर हमला कर दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट के बीच आरक्षक की वर्दी भी फट गई।

घटना के दौरान आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। घटना में घायल हुए आरक्षक ने बाद में थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

इस मामले को लेकर पुन्नू सिंह परस्ते ने बताया कि यह घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है। उनके अनुसार आरक्षक मुकेश सिंह ड्यूटी समाप्त कर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान उन्हें रास्ते में विमल लड़िया नामक व्यक्ति मिला, जो एक विक्षिप्त व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहा था। आरक्षक ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उनसे विवाद शुरू कर दिया और बाद में उनके साथ मारपीट करते हुए उनकी वर्दी भी फाड़ दी।एसडीओपी के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की कोतवाली टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रित किया गया। आरक्षक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी