दो युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से मारते-पीटते हुए वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार
देवरिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया, जिसमें दो युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से मारते-पीटते हुए देखा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि कोतवाली पुलिस को प्राप्त तहरीर के आधार पर 13 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जांच के दौरान नामजद आरोपित राहुल यादव पुत्र जगदीश यादव निवासी महुआवारी तथा जांच में प्रकाश में आए आरोपित संदीप वर्मा पुत्र जयप्रकाश वर्मा को 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

