home page

मुरैना: एसआई का रिश्वत लेते वीडियो हुआ वायरल, पुलिस अधीक्षक ने किया सस्पेंड

 | 
मुरैना: एसआई का रिश्वत लेते वीडियो हुआ वायरल, पुलिस अधीक्षक ने किया सस्पेंड


मुरैना, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना पोरसा थाना में पदस्थ एसआई रामवतार सिंह पर एक व्यक्ति से जमानत और केस में राहत दिलाने के नाम पर पैसे लेने के गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों वीडियो कुछ माह पुराने हैं, लेकिन अब सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पहले वीडियो में एक युवक एसआई को रुपये देते हुए दिखाई दे रहा है। युवक कहता सुनाई दे रहा है कि वह पहले ही 9 हजार रुपये दे चुका है और अब 500 रुपये लेकर आया है, लेकिन एसआई पूरे 1 हजार रुपये लेने की बात पर अड़े दिखाई देते हैं।

वीडियो में कथित तौर पर पैसे का लेन-देन खुलेआम होता नजर आ रहा है।

दूसरे वीडियो में किसी मामले में जमानत कराने के नाम पर 5 हजार रुपये मांगे जाने की बात सामने आई है। युवक केवल 2 हजार रुपये ही दे पाता है, जिस पर एसआई कथित तौर पर रुपये वापस लौटा देते हैं। वीडियो में मौजूद लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि युवक बेहद गरीब परिवार से है और उसका पिता मजदूरी करता है, लेकिन इसके बावजूद कोई राहत नहीं दी जाती।

सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि वीडियो में लेन-देन थाना प्रभारी (टीआई) के नाम पर किए जाने की बात कही जा रही है। इससे पूरे थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में पुलिस की छवि को लेकर चर्चा तेज हो गई है, मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मंगलवार को सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा