ठगी की शिकार महिलाएं पहुंची एसएसपी कार्यालय
भागलपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बाईपास थाना क्षेत्र के मकससपुर हरिजन टोला की रहने वाली करीब 32 महिलाएं ठगी का शिकार हुई है। घटना को लेकर करीब एक दर्जन पीड़ित महिलाएं गुरुवार को न्याय की गुहार लगाने जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां पुलिस अधीक्षक से मिलकर पीड़ित महिलाओं ने अपनी व्यथा सुनाई।
महिलाओं ने कहा कि हम लोग पढ़ी-लिखी नहीं है। हम लोगों को स्थानीय महिला मीना देवी के द्वारा यह कहकर ठगा गया कि तुम लोग बैंक से लोन लेकर हमें दो और पेट्रोल पंप खोलकर उसी पेट्रोल पंप के जरिए सारी महिलाओं को काम दिया जाएगा। जिससे सभी की अच्छी कमाई होगी। लोभ में आई महिलाएं बैंक से लोन लेकर किसी ने 2 लाख तो किसी ने डेढ़ लाख किसी ने चार लाख रुपए लिया और मीना देवी को बिना कुछ लिखा पढ़ी किए सौंप दिया। जब महिलाओं को या उनके परिवार में किसी को काम नहीं मिला, ना ही पेट्रोल पंप खुला तो हारकर महिलाएं न्याय के लिए थाने और कोर्ट का चक्कर लगानी लगी। फिर महिलाएं एसएसपी के कार्यालय पहुंची। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने महिलाओं को आस्वस्त किया है कि जल्द ही जांचोपरांत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

