25 हजार का इनामी शातिर अपराधी गिरफ्तार, अवैध तमंचा व नकदी बरामद
लखीमपुर खीरी, 29 जुलाई (हि.स.)। ईसानगर पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 25,000 रुपये के पुरस्कार घोषित वांछित अभियुक्त जियालाल को अवैध शस्त्र और चोरी के रुपयों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि ईसानगर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मितौला बाजार तिराहा के पास से वांछित अभियुक्त जियालाल (53 वर्ष) पुत्र रंगीलाल, निवासी ग्राम पूरब बेती मजरा बेती सहदेव को धर दबोचा। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और विभिन्न मुकदमों से संबंधित चोरी के कुल 1,700 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया अभियुक्त बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर ईसानगर थाने में हत्या के प्रयास (307), गैंगस्टर एक्ट, चोरी व आर्म्स एक्ट सहित करीब 12 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

