home page

जबलपुर : ब्लाइंड डेट इवेंट को लेकर विवाद, विरोध के बाद कार्यक्रम रद्द

 | 
जबलपुर : ब्लाइंड डेट इवेंट को लेकर विवाद, विरोध के बाद कार्यक्रम रद्द


जबलपुर, 13 जून (हि.स.)। शहर के रसल चौक स्थित एक कैफे में आयोजित किए जा रहे ब्लाइंड डेट इवेंट को लेकर शनिवार दोपहर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के विरुद्ध बताते हुए आपत्ति जताई।

विरोध की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ समय तक चली बातचीत और गहमागहमी के बाद आयोजकों ने कार्यक्रम को निरस्त कर दिया। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे युवक-युवतियों को वापस भेज दिया गया।

विरोध कर रहे संगठनों के पदाधिकारियों का कहना था कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आपस में जोड़ने के नाम पर अनुचित गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के आयोजनों का दुरुपयोग भी किया जा सकता है।

हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि इस प्रकार के आयोजन किए जाते हैं तो उनका विरोध किया जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि विरोध शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और किसी प्रकार की अभद्रता या हिंसा नहीं होने दी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक