जबलपुरः वीएफजे में चार्जमेन ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में काम के दबाव का जिक्र
जबलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित वाहन निर्माणी (व्हीएफजे) में रविवार को एक चार्जमेन का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, कंचनपुर निवासी वीएफजे कर्मचारी मेमसन मार्टिन (57) ने अपने कार्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में खुलवाया गया।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने अत्यधिक काम के दबाव और मानसिक तनाव को आत्महत्या का कारण बताया है। नोट को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मेमसन मार्टिन चार्जमेन के साथ-साथ सिविल वर्क का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे, जिससे वे काफी तनाव में थे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

