home page

समाज कल्याण विभाग का वेरिफायर व दलाल 30 हजार रुपये की लेते गिरफ्तार

 | 
समाज कल्याण विभाग का वेरिफायर व दलाल 30 हजार रुपये की लेते गिरफ्तार


जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की दौसा इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग में रिश्वतखोरी के मामले का खुलासा किया है। एसीबी टीम ने वेरिफायर रितेश कुमार शर्मा और उसके दलाल राजू नट को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी दौसा को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि समाज कल्याण विभाग में कार्यरत वेरिफायर रितेश कुमार शर्मा, दलाल राजू नट और एक अन्य सहयोगी बलवान गुर्जर उससे अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि जारी करने के बदले 70 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि आरोपी पहले ही परिवादी से 10 हजार रुपए नकद और 30 हजार रुपये ऑनलाइन ले चुके थे तथा शेष राशि के लिए दबाव बना रहे थे।

इस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरविजन में दौसा इकाई ने ट्रैप की योजना बनाई। उप अधीक्षक पुलिस रविंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रमेश चंद और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए दलाल राजू नट को परिवादी से 30 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

इसके बाद मुख्य आरोपित रितेश कुमार शर्मा को उसके कार्यालय से डिटेन कर मौके पर लाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मामले में शामिल अन्य दलाल बलवान गुर्जर की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश