उज्जैन में वाहन चोर पकड़ाए, 7 मोटर साइकिलें जब्त
उज्जैन, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल थाना पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने मंगलवार को बताया कि 24 अगस्त को इंदौर के क्षिप्रा निवासी मनोहर परमार अपने बेटे के साथ महाकाल की सवारी देखने उज्जैन आए थे। उन्होंने अपनी बाइक एमपी 09 क्यूएक्स 6679 कार्तिक मेला ग्राउंड में खड़ी की और सवारी देखने चले गए। वापस लौटे तो वाहन गायब था। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का पता नहीं चला।
इसी प्रकार 22 अगस्त को चिमनगंज मंडी निवासी नारायण सोलंकी महाकाल मंदिर के अन्नक्षेत्र में ड्यूटी पर थे। उन्होंने अपनी बाइक एमपी 13 ईएस 9109 पार्किंग में खड़ी की थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद लौटे तो बाइक वहां नहीं मिली। दोनों ही मामले में महाकाल थाने में प्रकरण दर्ज हुए थे।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों के साथ संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान घट्टिया तहसील के ग्राम खेरखेड़ी निवासी 21 वर्षीय विशाल पुत्र ईश्वर सिंह और ग्राम बिछड़ोद निवासी 20 वर्षीय मंजूर पुत्र शहजाद खान को संदेह में गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी कबूल की। पूछताछ में उन्होंने जिले के दूसरे थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल चोरी करना बताया। पुलिस ने दोनों की निशान देही से अलग-अलग स्थानों से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में महाकाल थाना क्षेत्र से चोरी हुई दो बाइक शामिल हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों से जानकारी जुटा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

