कैशियर एजेंटों को लूटने से पहले पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी और अवैध हथियार तस्करी के आरोपित मोहम्मद शकील (24) को गिरफ्तार किया है। शकील उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में कश्मीरी गेट स्थित नूरी मस्जिद के पास गली नंबर तीन का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की होंडा सिटी कार, एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित जयपुर और दिल्ली में कैशियर एजेंटों को लूटने की योजना बना रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अपने साथियों के साथ जयपुर, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दिन के समय चौपहिया वाहनों की रैकी करता था। रात में मास्टर चाबी से लॉक खोलकर वाहन चोरी किए जाते थे। वारदात के दौरान विरोध होने पर डराने के लिए आरोपित अवैध हथियार रखते थे। चोरी की गाड़ियों को फिरोजाबाद और मैनपुरी में कबाड़ियों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित वाहन चोरी के साथ अवैध हथियारों की बिक्री में भी संलिप्त है। पूछताछ में आरोपित ने जयपुर और दिल्ली में अपने साथियों के साथ कैशियर एजेंटों को लूटने की फिराक में घूमने की बात बताई है। आरोपी ने करीब आधा दर्जन वाहन चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं।
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ में फिरोजाबाद के रसूलपुर, शिकोहाबाद थाने , रामगढ़ तथा जयपुर के मुरलीपुरा और झोटवाड़ा थाने में मामले दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

