home page

रायपुर : हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक-स्कूटी सहित चार वाहन जब्त

 | 
रायपुर : हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक-स्कूटी सहित चार वाहन जब्त


रायपुर : हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक-स्कूटी सहित चार वाहन जब्त


रायपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। रायपुर पुलिस ने मंगलवार को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से चोरी के 3 दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल की गई 1 मोटरसाइकिल सहित कुल 4 वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम बनाई गई थी। टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और तकनीकी जानकारी के आधार पर वाहन चोरों की तलाश कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि, थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपित पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर थाना पंडरी क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसने यह भी बताया कि, दोनों भाई अपनी पल्सर बाइक से अलग-अलग इलाकों में रेकी कर दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए वे उनकी नंबर प्लेट भी बदल देते थे।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 3 दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल की गई 1 पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। चोरी के वाहनों में थाना पंडरी और विधानसभा क्षेत्र में दर्ज मामलों के वाहन शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, अभिषेक राय उर्फ जीतू थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी, वाहन चोरी और डकैती सहित 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले जिला दुर्ग के अंडा थाना क्षेत्र में दर्ज बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।

इस मामले में आरोपित का भाई भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर