नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने वाला गिरफ्तार, 8 वाहन बरामद
कानपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने वाले आरोपित को फजलगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रेलवे कॉलोनी के किनारे बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के खंडहर से सात बाइक और एक स्कूटी समेत आठ चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि फजलगंज पुलिस संगम टाकीज के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बाइक के कागजात की जांच करने पर उसके चोरी की होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम छोटू बाघमार उर्फ अर्जुन बताया। वह मूलरूप से हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र के उमरी गांव का रहने वाला है। डीसीपी के मुताबिक, आरोपित नशे का आदी है और पहले मादक पदार्थों की बिक्री करता था। मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलने के बाद उसने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर फजलगंज रेलवे लाइन किनारे स्थित बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के खंडहर में छिपाकर रखे गए सात बाइक और एक स्कूटी बरामद की। पूछताछ में आरोपित ने तीन दिन पहले फजलगंज थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।आरोपित के खिलाफ फजलगंज, अर्मापुर, गोविंद नगर, काकादेव और नजीराबाद थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और आरोपित के अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

