रायपुर : घूम-घूमकर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, नौ वाहन बरामद
रायपुर, 23 अगस्त (हि. स.)। रायपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत के नौ चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में एक अंतर्राज्यीय आरोपित और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक शामिल है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा बेचने पहुंचा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर तेलीबांधा निवासी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू को पकड़ा। पूछताछ में उसने वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपित ने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल नौ दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें ओडिशा में अपने साथियों के माध्यम से बेचने की बात कबूल की।
इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा के भालूमुण्डा पहुंची और सूजल मेहेर उर्फ करण तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा। तीनों की निशानदेही पर नौ दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें सात एक्टिवा, एक स्प्लेंडर और एक एसएस बजाज वाहन शामिल हैं।
चोरी के छह वाहनों के संबंध में रायपुर के कोतवाली, आजाद चौक, न्यू राजेन्द्र नगर और खम्हारडीह थानों में मामले दर्ज हैं। आरोपितों ने कुछ वाहनों की पहचान छिपाने के लिए ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई थी।
पुलिस के मुताबिक, टोपेश्वर साहू पूर्व में वर्ष 2023 में दस दोपहिया वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों की पहचान रायपुर के एक होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इसके बाद तीनों ने मिलकर वाहन चोरी कर उनकी बिक्री शुरू कर दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

