बरेली पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन अपराधी
बरेली, 01 जुलाई (हि.स.) । जिले की थाना बहेड़ी पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर अपराधियाें काे गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक और एक स्कूटी समेत कुल सात दोपहिया वाहन और 12 चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। बरामद वाहनों में एक बाइक थाना बहेड़ी में दर्ज मुकदमे से संबंधित भी मिली है।
बहेड़ी क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बुधवार काे बताया कि गिरफ्तार अपराधियाें की पहचान लखविंद, निवासी ढकिया थाना शीशगढ़, विपिन और शिवा, निवासी कुंडारा थाना जहानाबाद, पीलीभीत के रूप में हुई। पूछताछ में अपराधियाें ने स्वीकारा कि वे आर्थिक लाभ और निजी खर्चों के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए वाहनों को उन्होंने बहेड़ी क्षेत्र में वन विभाग तिराहा के पास खाली पड़े खंडहरनुमा गोदामों के पीछे छिपा रखा था।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सभी वाहन बरामद कर लिए। जांच में कई वाहन अन्य थाना क्षेत्रों और दूसरे राज्यों से चोरी के पाए गए। पुलिस ने अभियुक्ताें के खिलाफ थाना बहेड़ी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
उल्लेखनीय है कि 27 जून को शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बंजरिया निवासी राशिद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई की बाइक चोरी हो गई है। मामले में थाना बहेड़ी पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी क्रम में 30 जून की रात पुलिस टीम ने वन विभाग तिराहा, बहेड़ी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

